बलरामपुर। संयुक्त जिला अस्पताल में दो दिन पहले डीएम के निरीक्षण में मरीज के पास से बाहर की दवा का पर्चा मिलने व जन औषधि केंद्र बंद होने के मामले की जांच शुरू हो गई है। इसके साथ ही सीटी स्कैन में मरीज से पैसा लेने के मामले की जांच के लिए बनाई गई टीम से रिपोर्ट मांगी गई है।
संयुक्त जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. राज कुमार ने बताया कि सभी चिकित्सकों को कहा गया है कि किसी भी हाल में मरीजों को बाहर की दवा न लिखी जाय। दवा भंडार कक्ष में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता कराई गई है। अगर किसी दवा की कमी है तो उसकी जानकारी उन्हें दी जाय, ताकि तत्काल उसकी आपूर्ति कराई जा सके। बताया कि इस बात की जांच की जा रही है कि किन परिस्थितियों में मरीज को बाहर की दवा का पर्चा लिखा गया। वहीं, जन औषधि केंद्र बंद मिलने के मामले में संचालक से पूरा विवरण मांगा गया है। इसके आधार पर रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। सीएमएस ने पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य अरविंद सिंह पटेल के निरीक्षण में सीटी स्कैन के लिए मरीजों से पैसा लेने के मामले की जांच के लिए बनाई गई टीम से रिपोर्ट मांगी है।