बलरामपुर के तुलसीपुर में स्थित नगर पंचायत कार्यालय।
बलरामपुर। शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता का सर्वेक्षण चल रहा है, जिसमें आम लोेगों का फीडबैक लिया जा रहा है। साथ ही अब निकायों को कूड़ा मुक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का गोपनीय सर्वे भी शुरू हो गया है। भारतीय गुणवत्ता परिषद की टीम दिल्ली से जिले की तुलसीपुर नगर पंचायत पहुंच गई है और गोपनीय सर्वे का काम भी शुरू कर दिया है।
तुलसीपुर नगर पंचायत के साथ बलरामपुर, उतरौला, पचपेड़वा, व गैसड़ी नगर पंचायतों में भी सर्वे होना है। केंद्रीय टीम ने तुलसीपुर कस्बे में साफ-सफाई के साथ कूड़ा निस्तारण की जानकारी ली। निकाय के शिकायत रजिस्टर व एमआरएफ सेंटर की जानकारी प्राप्त कर रही है। जिला कार्यक्रम प्रबंधक आदर्श वर्मा ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन से जिले में क्वालिटी कौंसिल ऑफ इंडिया (क्यूसीआई) की टीम जिले के सभी नगर निकाय व नगर पंचायत में जाकर कचरा मुक्त शहर का सर्वे करेगी।
हर बिंदु पर तैयार हो रही रिपोर्ट
सर्वे कर रही टीम नगर निकाय व नगर पंचायत में सुबह-शाम होने वाली साफ-सफाई, एमआरएफ सेंटर, डोर टू डोर कलेक्शन, शहर में डस्टबिन की व्यवस्था, घरों से सूखा और गीला कचरा लेने की व्यवस्था, घर व अन्य संस्थान का निर्माण होते समय उससे निकलने वाले मलबे के उपयोग की रिपोर्ट बना रही है। वहीं, साफ-सफाई संबंधी शिकायतों के निस्तारण की हकीकत की जांच भी होगी।