बलरामपुर। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में रिक्त पदों पर भर्ती के लिए सात, आठ एवं नौ जनवरी को काउंसिलिंग होनी है। काउंसिलिंग में चयन के लिए यदि कोई धन की मांग करता है तो तत्काल शिकायत करें। बीएसए शुभम शुक्ल ने बताया कि संज्ञान में आया है कुछ लोग काउंसलिंग में चयन कराने अथवा नाम शामिल कराने के नाम पर धन उगाही के उद्देश्य से फोन कॉल करके अभ्यर्थियों को भ्रामक संदेश दे रहे हैं। काउंसलिंग की समस्त प्रक्रिया पूरी तरह निश्शुल्क, पारदर्शी एवं मेरिट आधारित है। काउंसिलिंग विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार ही संपन्न कराई जाएगी। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के नाम पर धनराशि की मांग धोखाधड़ी है। यदि किसी अभ्यर्थी को इस प्रकार की कोई कॉल या संदेश मिलता है, तो तत्काल साइबर सेल हेल्पलाइन में सूचना दें और इसकी जानकारी विभाग को भी उपलब्ध कराएं। (संवाद)