बलरामपुर। सड़कों पर छुट्टा जानवर दिखने पर अब जिम्मेदारों को चिह्नित कर कार्रवाई के घेरे में लाया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग आश्रय स्थलों पर क्षमता के अनुसार गोवंश रखे जाने की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित कराए। यह चेतावनी मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने दी। वह मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में देवीपाटन मंडल के चारों जिलों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
मंडलायुक्त ने देवीपाटन मंडल के चारों जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए विकास कार्य, कानून व्यवस्था व राजस्व वसूली से जुड़े मसलों पर गहन चर्चा की। निर्देश दिया कि सभी अफसर विकास कार्यों में तेजी लाकर सीएम डैश बोर्ड में अच्छी रैंकिंग प्राप्त करें। मंडलायुक्त ने कहा कि होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाए। इसकी शुरूआत सभी डीएम व एसपी अपने अपने जिले में अराजक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ की जाने वाली निरोधात्मक कार्रवाई से करें।
निर्देश दिया कि मंडलीय जिलों में विकास कार्यों में तेजी लाते हुए सभी कार्य व संचालित योजनाओं को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। ताकि सभी जिले सीएम डैश बोर्ड में अच्छी रैंकिंग प्राप्त कर सकें। कुछ जगहों पर पीएम और सीएम आवास योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने इसमें तेजी लाने का निर्देश भी दिया।
कानून व्यवस्था एवं अभियोजन कार्यों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने गैंगेस्टर व भूमाफिया को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने का निर्देश भी दिया। कहा कि वन माफिया एवं महिला अपराधों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाए। साथ ही गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों की विवेचनाएं भी लंबित नहीं रहनी चाहिए।
कर-करेत्तर की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया। भूमि विवाद में पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर विवाद निस्तारित किए जाने की बात कही। बैठक में डीआईजी अमरेंद्र प्रताप सिंह, डीएम बलरामपुर अरविंद सिंह, डीएम गोंडा नेहा शर्मा, डीएम बहराइच मोनिका रानी एवं डीएम श्रावस्ती कृतिका शर्मा सहित चारों जिलों से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने मंडलीय बैठक की समीक्षा कर रहे मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र को जिले में प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी दी। डीएम ने बताया कि आदिशक्ति मां पाटेश्वरी राजकीय विश्वविद्यालय के लिए जमीन अधिग्रहण का कार्य पूर्ण हो गया है। इसी तरह रिंगरोड के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य अंतिम चरण में है। चार राजकीय इंटर कॉलेजों का निर्माण पूरा हो गया है। इसका संचालन भी नये सत्र से शुरू हो जाएगा। सदर व उतरौला तहसील में एक-एक बाढ़ शरणालय के लिए जमीन
चिन्हित कर ली गई है।