बलरामपुर। जिला अस्पतालों को 24 घंटे बिजली मुहैया कराने के लिए शुरू हुए विद्युत उपकेंद्र के निर्माण का कार्य अधर में लटका है। इसके लिए निर्धारित साढ़े सात करोड़ रुपये का बजट मिलने के बाद कार्यदायी संस्था यूपी राज्य निर्माण सहकारी संघ काम छोड़कर गायब हो गई है। छह महीने तक इंतजार करने के बाद अब सीएमओ डॉ. सुशील कुमार इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को भेजी है।
जिला मेमोरियल चिकित्सालय व महिला अस्पताल को 24 घंटे बिजली आपूर्ति किए जाने की मांग वर्षों से चल रही थी। वर्ष 2019 में इसके लिए दोनों अस्पताल में विशेष सप्लाई उपकेंद्र बनाने का प्रस्ताव पास हुआ। इस काम को कराने के लिए यूपी राज्य निर्माण सहकारी संघ को कार्यदायी संस्था नामित करते हुए उसे 7.5 करोड़ रुपये का बजट आवंटित कर दिया गया था। संस्था ने महिला अस्पताल में सीएमएस आवास के बगल व मेमोरियल चिकित्सालय में शिव मंदिर के पीछे उपकेंद्र का निर्माण शुरू कराया। करीब छह माह पूर्व कार्यदायी संस्था निर्माण अधूरा छोड़कर चली गई।
60 प्रतिशत हुआ है कार्य
स्वास्थ्य विभाग के जेई आरएस मौर्या ने बताया कि दोनों अस्पतालों में निर्माणाधीन उपकेंद्र का कार्य लगभग 60 प्रतिशत ही पूरा हुआ है। कई महीनों से काम बंद होने की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
महानिदेशक को भेजी गई सूचना
दोनों अस्पतालों में विद्युत उपकेंद्र का निर्माण करा रही संस्था करीब छह महीने से काम अधूरा छोड़कर गायब है। छह माह से निर्माण बंद होने की सूचना महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य समेत अन्य अधिकारियों को भेजी गई है।
- डॉ. सुशील कुमार, सीएमओ