हरैया सतघरवा, बलरामपुर। स्थानीय थानाक्षेत्र के गिरगिटही गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर अज्ञात कारणों से लगी आग में 30 परिवार तबाह हो गए। आग में झुलसने से एक बैल की मौत हो और 30 घरों में रखा अनाज, जेवर व कपड़ा सहित गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाक हो गया। हल्का लेखपाल ने गांव में पहुंचकर क्षति का आकलन किया है।
गिरगिटही गांव निवासी गुरुदास की झोपड़ी में बृहस्पतिवार की दोपहर अज्ञात कारणों से लग गई। तेज हवाओं के बीच आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते ही आसपास के घरों को अपनी आगोश में ले लिया। आग लगने से कमला देवी, धनीराम, जगमोहन, नानबाबू, नीबर, अर्जुन प्रसाद, लालजी, राम अधार, ननकने, रामगोपाल, तुलाराम, तिलकराम, परशुराम, आंधी, स्वामी दयाल, मंगल प्रसाद, बालकराम, रामादेवी, आशाराम, सुशीला देवी, अतवारी व घनश्याम सहित 30 लोगों का घर जलकर खाक हो गया। आग में झुलसकर राम अधार के एक बैल की मौत हो गई। सभी घरों में रखा अनाज, कपड़ा, जेवर व साइकिल सहित गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुभाष चंद्र वर्मा ने बताया कि गांव में आग लगने की सूचना देने पर फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाई। हल्का लेखपाल हरिश्चंद्र सिंह ने बताया कि क्षति का आकलन किया गया है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। जल्द ही पीड़ितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।