बलरामपुर। निकाय चुनाव में किसी भी तरह का खलल न पड़े, इसके लिए पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। विभिन्न आपराधिक प्रवृत्ति वाले 16 लोगों को चिह्नित कर एक दिन में उनकी हिस्ट्रीशीट खोली गई है। साथ ही चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों व उनके 10-10 समर्थकों को पाबंद किया जा रहा है।
एसपी केशव कुमार ने बताया कि चुनाव को देेखते हुए आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को खोजा जा रहा है। इसके लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को श्रीदत्तगंज थाने के चीती गांव निवासी एहसान अली, त्रिगुनायकपुर निवासी चिंताराम वर्मा, ललिया थाने के इमिलिया भयापुरवा निवासी मनजीत कुमार सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, नगर कोतवाली के खलवा मोहल्ला निवासी रोहित सिंह की हिस्ट्रीशीट खोली गई है।
तुलसीपुर के कर्बला गनवरिया निवासी वहीद खान, विलोहा बनकसिया निवासी संतोष कुमार, सेखुनिया कला निवासी जगदीश जायसवाल, महाराजगंज तराई थाने के जालिम जयनगरा गांव निवासी नान उर्फ मुबारक व दिलशाद, कौवापुर बाजार निवासी अन्नू, रूपनगर निवासी रामनरायण, कोतवाली देहात के रमनगरा जोरावरपुर निवासी अशोक कुमार व मंगल, हरैया थाने के गनवरिया निवासी महेंद्र मिश्र, सोनू वर्मा, विजय पासवान को हिस्ट्रीशीटर की सूची में शामिल किया गया है। एसपी ने बताया कि इनकी निगरानी बढ़ा दी गई है। साथ ही उतरौला, तुलसीपुर व गैसड़ी में पुलिस व अर्धसैनिक बलने फ्लैग मार्च किया।
प्रेक्षक ने डाला डेरा
निकाय चुनाव को संपन्न कराने के लिए आयोग ने विशेष सचिव दवेंद्र सिंह कुशवाहा को प्रेक्षक बनाया है। प्रेक्षक शनिवार की शाम जिले में पहुंच गए हैं। अफसरों से उन्होंने चुनाव संबंधी तैयारियों के बारे में जानकारी हासिल की है। साथ ही सोमवार को पीठासीन अधिकारियों का प्रशिक्षण कराया जाना है।
चुनाव के लिए 3.41 लाख मतपत्र तैयार
निकाय चुनाव के लिए 3.41 लाख मतपत्र छपकर तैयार हो गए हैं। बलरामपुर नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष व सदस्य पद के लिए एक लाख 48 हजार 400 मतपत्र, उतरौला के लिए 60 हजार, तुलसीपुर के लिए 53 हजार 800, गैसड़ी के लिए 27 हजार 600, पचपेड़वा के लिए 52 हजार मतपत्र तैयार हैं। नोडल अधिकारी आरपी राना ने बताया कि संबंधित चुनाव अधिकारियों को इन्हें सौंप दिया जाएगा।