बलरामपुर। बहुचर्चित फिरोज उर्फ पप्पू हत्याकांड में एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई चल रही है। शुक्रवार को मामले में अभियोजन और बचाव पक्ष की ओर से बहस की गई। हालांकि बहस पूरी नहीं हो सकी, जिस पर न्यायालय ने शेष बहस के लिए 29 जुलाई की तिथि निर्धारित की है। जिला शासकीय अधिवक्ता कुलदीप सिंह ने बताया कि वर्ष 2022 में तुलसीपुर नगर क्षेत्र के चर्चित नेता फिरोज उर्फ पप्पू की चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के भाई की तहरीर पर तुलसीपुर थाने में पूर्व सांसद रिजवान जहीर, उनकी पुत्री जेबा रिजवान, दामाद रमीज नेमत समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि मामले के सभी आरोपी वर्तमान में जमानत पर हैं। प्रकरण की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रही है। बीते तीन दिनों से न्यायालय में दोनों पक्षों की ओर से लगातार बहस की जा रही है। शुक्रवार को भी पक्षकारों की दलीलें सुनी गईं, लेकिन बहस पूरी न होने के कारण अदालत ने शेष सुनवाई के लिए 29 जुलाई की तारीख नियत कर दी।