बलरामपुर। जिले के 24 स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें 789 मरीजों की सेहत की जांच कर उन्हें मुफ्त दवाएं वितरित की गईं।
सीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार ने अवकाश के दिन भी ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को जांच व उपचार की सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसी के तहत रविवार को जिले के 24 स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आयोजित किया गया।
इसमें 374 पुरुष, 252 महिला एवं 163 बच्चों सहित कुल 789 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सभी को स्वस्थ होने के लिए उचित परामर्श देते हुए मुफ्त दवाएं वितरित की गईं। इस अवसर पर आयुष्मान भारत योजना के तहत 130 पात्रों का गोल्डन कार्ड भी बनाया गया।