बलरामपुर। वर्ष 2022-23 के लिए जिले की पांच ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना का पुरस्कार दिया जाएगा। गांवों में बेहतर विकास कार्य कराने पर इन ग्राम पंचायतों का चयन पुरस्कार के लिए किया गया है। दो जून को पांचों ग्राम पंचायतों के प्रधानों को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सम्मानित किया जाएगा।
जिला पंचायत राज अधिकारी नीलेश प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच ग्राम पंचायतों को प्रतिवर्ष शासन स्तर से मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। गरीबी उन्मूलन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, बाल मैत्री, पर्याप्त जल संसाधन, स्वच्छ व हरित पर्यावरण, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा, सामाजिक रूप से सुरक्षा, सुशासन व महिला सुरक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले गांव को पुरस्कार के लिए चयनित किया जाता है।
जिला परियोजना प्रबंधक संदीप कश्यप ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में नौ बिंदुओं पर किए गए बेहतर कार्य के लिए अंकों के आधार पर जिले की पांच ग्राम पंचायतों का चयन मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए किया गया है। इसमें तुलसीपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत जद्दापुर को 11 लाख, जयनगरा को नौ लाख, बलरामपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत रोवारी को छह लाख, भीखमपुर को दो लाख और पचपेड़वा की ग्राम पंचायत बसंतपुर को चार लाख रुपये का इनाम दिए जाने की घोषणा की गई है। दो जून को प्रधानों को इनाम की धनराशि देकर सम्मानित किया जाएगा।