श्रीदत्तगंज (बलरामपुर)। स्थानीय ब्लॉक के ग्राम दारीचौरा में चल रहे दो दिवसीय अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल का समापन मंगलवार को हुआ। दंगल में हुई कुश्तियों में हरिशंकर, नसीब, शेरा, लतीफ व फकीर पहलवान ने अपने-अपने विरोधियों को पटकनी देकर जीत हासिल की। विजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
दंगल का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख हेमंत जायसवाल ने किया। पहला मुकाबला बाबा रविशंकर दास अयोध्या व मुन्ना पहलवान चंडीगढ़ के बीच हुआ। इसमें बाबा हरिशंकर दास मुन्ना पहलवान को पटखनी देकर जीते। दूसरा मुकाबला लकी पहलवान पंजाब व नसीब पहलवान जम्बू के बीच हुआ, इसमें नसीब पहलवान विजेता बने। तीसरा मुकाबला विनोद पहलवान दिल्ली व शेरा पहलवान कन्नौज खेला गया। शेरा ने विनोद को पटखनी देकर मुकाबला जीत लिया।
चौथा मुकाबला लतीफ पहलवान जम्बू व किशन पहलवान बांदा के बीच खेला गया, इसमें लतीफ ने अपने दांव से किन को चित कर जीत हासिल की। अंतिम मुकाबला भूरा पहलवान बदायूं व फकीर बाबा पहलवान अमेठी के बीच खेला गया। कड़े मुकाबले के बीच फकीर बाबा ने भूरा पहलवान को पटखनी देकर मुकाबला जीता। इस अवसर पर आयोजक ओम प्रकाश त्रिगुनायक, जिला पंचायत सदस्य राम प्रताप वर्मा, सूरज प्रसाद पांडेय, राहुल जायसवाल, महंत जितेंद्र वन, विनय कुमार व राज कुमार जायसवाल आदि मौजूद रहे।