विद्युत उपकेंद्र में जलभराव के चलते ध्वस्त हुई केबल
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। तेज हवाओं के साथ बारिश होने से शनिवार को जिले में बिजली कटौती की समस्या बढ़ गई। 33/11 विद्युत उपकेंद्र भगवतीगंज में अंडरग्राउंड केबल ध्वस्त होने से आधे शहर की बिजली करीब पांच घंटे तक गुल रही। बिजली कटौती के चलते लोगों को पानी के संकट से भी जूझना पड़ा। शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी पूरे दिन बिजली की आवाजाही से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
नगरवासी विजय सिंह, किशोर, सुनील, अटल शर्मा व राहुल आदि ने बताया कि शनिवार को भोर चार बजे से सुबह नौ बजे तक मोहल्ला चिकनी, अलीजानपुरवा, नौशहरा, भगवतीगंज व नव्वाबाग सहित आधे शहर की बिजली गुल रही। बिजली न होने के कारण जहां लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। वहीं, पानी का मोटर न चलने के कारण सुबह लोगों को काफी परेशानी हुई। पानी न होने से लोगों को नित्यकर्म व स्नान आदि के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। उतरौला तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली की आवाजाही से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं तुलसीपुर तहसील के लोगों को भी बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
एक माह से नहीं आ रही बिजली
महराजगंज तराई। रमगढि़या गांव में ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण करीब एक महीने से बिजली नहीं आ रही है। ग्रामवासी निब्बर, कुन्नू, नासिर, चंद्रभान, गुलाम हुसैन, महेश व कल्लू यादव आदि ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत कई बार विभागीय अधिकारियों से की गई, लेकिन अभी तक ट्रांसफार्मर बदला नहीं गया। बाढ़ प्रभावित गांव होने के कारण जहरीले जीव-जंतु का खतरा बना रहता है। ऐसे में बिजली न होने से ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जेई रामसागर ने बताया कि ट्रांसफार्मर बदलने की कार्रवाई की जा रही है।
समस्या निराकरण कराने का दिया गया निर्देश
बिजली की समस्या का प्रमुखता से निस्तारण कराने का निर्देश जिले के सभी फीडरों पर तैनात जेई को दिया गया है। इसमें कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। -राजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता पॉवर कॉरपोरेशन