गैड़ास बुजुर्ग थाने में फरियाद सुनते एसपी केशव कुमार।-संवाद
बलरामपुर। साहब! सरकार ने घर बनाने के लिए जमीन का पट्टा तो दे दिया लेकिन एक साल बाद भी दबंग कब्जा नहीं छोड़ रहे हैं। पट्टे की जमीन पर कब्जा होने से मैं घर नहीं बना पा रहा हूं। पैमाइश कराकर जमीन दिलवा दीजिए। यह फरियाद शनिवार को देहात कोतवाली में ग्राम सद्दावपुर कोड़री निवासी राम सूरत सोनकर ने प्रभारी निरीक्षक जयदीप दूबे से की। प्रभारी ने राजस्व टीम मौके पर भेजकर शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
महराजगंज तराई थाने में ग्राम रामगढ़ मैटहवा निवासी ननकऊ की शिकायत थी कि आबादी की जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। मना करने पर अभद्रता करते हुए मारपीट करते और जान से मारने की धमकी देते हैं। वहीं ग्राम कुडवा मिर्जापुर निवासी नकछेद ने शिकायत की कि विपक्षी मुझे अपनी ही जमीन पर मकान नहीं बनाने दे रहे हैं। हरैया सतघरवा थाने में सिंगरौरी निवसिनी रीता की शिकायत थी कि दबंग जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं, मना करने पर मारपीट करने लगते हैं। ग्राम लंबीकोहल निवासी मोहर्रम अली, बाबूलाल, धनीराम, रामभरोसे तथा फूलचंद यादव आदि की शिकायत थी कि सरकारी जमीन पर दबंगों का कब्जा है। कई बार गुहार लगाई पर कार्रवाई नहीं हुई। थानाध्यक्ष दुर्विजय ने बताया कि राजस्व व पुलिस की टीम मौके पर भेजी जाएगी।
गैड़ास बुजुर्ग थाने में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसपी केशव कुमार ने शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का निस्तारण समय सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। जिन शिकायतों का निस्तारण उच्चाधिकारियों के स्तर से किया जाना है उन पर रिपोर्ट लगाकर संबंधित अधिकारियों को भेज दें जिससे समय से उसका निस्तारण किया जा सके। इसके बाद एसपी ने निर्माणाधीन प्रशासनिक भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को समय से कार्य पूर्ण कराए जाने का निर्देश दिया।