बलरामपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग में एक बार फिर फर्जीवाड़े से नौकरी पाने के खेल का खुलासा हुआ है। इस मामले में शहर के डीएवी इंटर कॉलेज में साल 2021 में माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड से जारी नियुक्ति पत्र पर दो शिक्षकों ने कार्यभार ग्रहण कर लिया था। जिला विद्यालय निरीक्षक गोविंद राम ने बताया कि जांच में बोर्ड से जारी नियुक्ति पत्र ही फर्जी निकला। इस पर प्रधानाचार्य मेजर हरि प्रकाश वर्मा ने नगर कोतवाली में दोनो शिक्षकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
डीएवी इंटर कॉलेज में हिंदी अध्यापक के पद पर देवरिया के परसिया वंशी निवासी भूपेंद्र कुमार यादव ने 06 अगस्त 2021 को आयोग से चयनित होने के आधार पर कार्यभार ग्रहण किया था। इसी तरह गोरखपुर के रामगढ़ ताल निवासी विकास चंद्र मिश्र ने गणित शिक्षक के बतौर भी उसी दिन अपना कार्यभार संभाला था। इन दोनों की नियुक्ति संदिग्ध प्रतीत होने पर डीआईओएस ने पूरे मामले की बोर्ड से पड़ताल की तो दोनों ही शिक्षकों को बोर्ड से जारी नियुक्ति पत्र ही फर्जी होने की बात सामने आई।
इस पर डीआईओएस ने दोनों शिक्षकों के खिलाफ विभागीय जांच कराने के बाद प्रधानाचार्य को एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया। इसके अनुपालन में प्रधानाचार्य ने दोनों शिक्षकों के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक विमलेश सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।