बलरामपुर। एमएलके महाविद्यालय से बुधवार को घर लौट रही स्कूटी सवार छात्रा वैशाली शुक्ला (20) को बौद्ध परिपथ पर एसएसबी मुख्यालय के निकट ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में वैशाली की मौके पर ही मौत हो गई। कोतवाली देहात की पुलिस ट्रक चालक को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन में जुट गई है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के कल्ला भट्ठा निवासी विनोद शुक्ल की पुत्री वैशाली एमएलके महाविद्यालय में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। बुधवार को वह महाविद्यालय से पढ़ाई करके स्कूटी से घर लौट रही थी। रास्ते में सशस्त्र सीमा बल मुख्यालय के निकट बेकाबू ट्रक ने वैशाली को कुचल दिया। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से वैशाली को जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप त्रिपाठी ने बताया कि हादसा करने वाले ट्रक चालक को पकड़ लिया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, वैशाली की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। सहपाठियों के साथ ही गांव के लोग भी वैशाली की मौत से गमगीन हैं।