बलरामपुर। ट्रिपिलिंग करके पचपेड़वा से गैंजहवा आ रहे बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। जिन्हें जिला मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली देहात के प्रभारी जयहरि मिश्रा ने बताया कि पचपेड़वा के ग्राम बरगदवा निवासी अब्दुर्रहमान बाइक से शनिवार दोपहर पत्नी शहरबानो व भतीजी शबनम के साथ थाना ग्राम गैंजहवा में अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। बलरामपुर-तुलसीपुर बौद्ध परिपथ पर गुरचाही स्थित सुदामा भट्ठा के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को जिला मेमोरियल चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने शबनम (20) को मृत घोषित कर दिया। अब्दुर्रहमान (23) व शहरबानो (21) का इलाज चल रहा है। चालक अब्दुर्रहमान हेलमेट लगाए था। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।