बलरामपुर। बाढ़ का पानी घटने के बाद अब संक्रामक रोगों ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। ललिया के खैरपुरवा गांव में ठंड व बुखार से आठ वर्षीय बालिका की मौत हो गई। जबकि कई गांवों के दर्जनों लोग संक्रामक रोगों की चपेट में हैं।
ललिया थाना क्षेत्र के खैरपुरवा गांव निवासी अमरेश की आठ वर्षीय पुत्री रंजना की ठंड व बुखार से मौत हो गई। खैरपुरवा तथा लौकहवा गांव में ननकने, बड़कऊ, निरंजन, पेशकार, अतीस सिंह, नान भैया, श्याम मनोहर, जगदंबा, मनोरथ, ओंकार, बड़का, शिवमंगल, दद्दू, कामता सहित कई लोग सर्दी, जुकाम व बुखार से पीड़ित हैं। ग्राम प्रधान बूढ़े वर्मा ने बताया कि गांव में ब्लीचिंग पाउडर व चूने का छिड़काव नहीं हुआ है। गांव में बाढ़ के चलते चारों तरफ गंदगी फैली है।
शिवपुरा सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रणव पांडेय ने बताया कि क्षेत्र के काशीपुर लौकहवा, खैरपुरवा व लालपुर फगुईया गांव में संक्रामक रोगों से पीड़ित करीब 50 मरीजों का उपचार किया गया है। बीमारी पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी तरह महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के ग्राम बदलपुर में उल्टी व डायरिया का प्रकोप शुरू हो गया है। गांव में अरुण, अंकित, अर्पित, काजल, माधवी, सुनील, कुन्नू, बेलवा तथा रोहित उल्टी-दस्त से पीड़ित हैं। सभी लोग निजी डॉक्टरों से इलाज करा रहे हैं। गांव में अभी भी कई जगह पानी भरा है। गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम नहीं पहुंची है। इस बारे में अपर सीएमओ डॉ. एसके श्रीवास्तव ने बताया कि गांव में टीम भेजी है। मरीजों का उपचार कराया जा रहा है।