बलरामपुर। उत्तर प्रदेश गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने शनिवार को जिले का भ्रमण किया। यूपी टूरिज्म के होटल सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्होंने गन्ना एवं चीनी उत्पादन तथा गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा की। नये पेराई सत्र में गन्ने की घटतौली पर अंकुश लगाने तथा शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी तरह की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राज्यमंत्री ने बलरामपुर चीनी मिल एवं बजाज चीनी मिल के प्रबंधकों को निर्देश दिया कि किसानों के गन्ने का पैसा शत-प्रतिशत भुगतान किया जाए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा बेचे जाने वाले गन्ने की घटतौली कदापि न होने पाए। इसका समय-समय पर निरीक्षण किया जाए। किसानों को सर्वे के अनुसार पर्ची का वितरण किया जाए।
राज्यमंत्री ने कहा कि गन्ना पेराई के दौरान जो भी किसान गन्ना बेचने के लिए चीनी मिल आएं उनके लिए रैन बसेरा, शौचालय तथा अलाव की व्यवस्था होनी चाहिए। चीनी मिलों में साफ-सफाई पर ध्यान दिया जाए। गन्ना ट्रकों का फिटनेस चेक कराएं तथा ओवरलोडिंग पर निगरानी बनाएं रखें।
बलरामपुर चीनी मिल के जनरल मैनेजर राजीव अग्रवाल ने बताया कि चीनी मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ एक या दो दिसंबर को किया जाएगा। बजाज चीनी मिल के जनरल मैनेजर संजीव कुमार ने चार या पांच दिसंबर को पेराई सत्र शुरू करने के बात कही।
बैठक में सदर विधायक पल्टूराम, जिला गन्ना अधिकारी आरएस कुशवाहा, गन्ना प्रबंधक श्याम आनंद प्रकाश, बीबी मंगलम, केपी मिश्र आदि मौजूद रहे। इससे पहले राज्यमंत्री ने एमएलके महाविद्यालय में उत्तर प्रदेश डिस्टीलरी मजदूर संघ के 12वें त्रिवार्षिक अधिवेशन को संबोधित करते हुए श्रमिकों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।