बलरामपुर। डीएम डॉ. महेंद्र कुमार ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर अभियोजना कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासकीय अधिवक्ता एवं अभियोजन अधिकारी अदालत में महिला अपराधों एवं अन्य गंभीर वादों में प्रभावी पैरवी कर अधिक से अधिक दोषियों को सजा दिलाएं। 10 वर्ष से अधिक लंबित मुकदमों का प्राथमिकता से निस्तारण कराया जाए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने छह माह में महिला अपराधों व गंभीर प्रकरणों के दोषमुक्त मामलों की पुन: समीक्षा करते हुए अपील दायर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिकतम साक्षियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, आकारण साक्षियों की वापसी न होने पाए ये हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
न्यायालय में 10 वर्ष से अधिक समय से लंबित मुकदमों का प्राथमिकता के साथ निस्तारण कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर एसपी राजेश कुमार सक्सेना, एडीएम राम अभिलाष, एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव, एडीएम न्यायिक डॉ. ज्योति गौतम, संयुक्त निदेशक अभियोजन, जेष्ठ अभियोजन अधिकारी, शासकीय अधिवक्ता व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।