बलरामपुर। जिले की तीन ग्राम पंचायतों में हुए उपचुनाव में ग्रामीणों ने अपना नया मुखिया चुन लिया है। मतगणना बाद बाद घोषित परिणाम में हरैया सतघरवा के हाथीगर्दा में अनूप कुमार तिवारी, देवपुरा में कमला देवी तथा गैसड़ी के पिपरा दुर्गानगर में नीरज कुमार मिश्र ने प्रधान पद पर जीत हासिल कर परचम लहराया। ग्राम पंचायत बलहा में प्रधान पद पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है।
जिले के हाथीगर्दा, देवपुरा व पिपरा दुर्गानगर में छह सितंबर को प्रधान पद के लिए उपचुनाव का मतदान हुआ था। प्रधान के तीन पदों के लिए 13 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। जबकि एक प्रधान, तीन क्षेत्र पंचायत सदस्य व 38 ग्राम पंचायत सदस्य एकल नामांकन होने के कारण पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। हरैया सतघरवा व गैसड़ी ब्लॉक में सुबह आठ बजे सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में शुरू हुई मतगणना परिणाम की घोषणा के साथ खत्म हुई।
निर्वाचन अधिकारी डॉ. अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत हाथीगर्दा में प्रधान पद के चुनाव में तीन प्रत्याशियों के बीच हुए मुकाबले में अनूप कुमार तिवारी ने सरोजिनी तिवारी को 65 मतों से हराकर जीत हासिल की। विजयी अनूप कुमार को 454 जबकि दूसरे नंबर पर रही सरोजनी तिवारी को 389 मत मिले। ग्राम पंचायत देवपुरा में छह प्रत्याशियों के बीच हुए चुनाव में कमला देवी ने 407 मतों बड़ी जीत हासिल की। कमला को 781 व विरोधी राजकुमारी को 374 मत ही प्राप्त हुए।
गैसड़ी ब्लॉक के ग्राम पंचायत पिपरा दुर्गानगर में चार प्रत्याशियों के बीच हुए चुनाव में नीरज कुमार मिश्र ने 84 मतों से जीत हासिल की। नीरज 337 व दूसरे नंबर पर रहे अनिल वर्मा को 253 मत मिले। गैसड़ी के बीडीओ अवनींद्र कुमार पांडेय व हरैया सतघरवा के बीडीओ अनूप कुमार सिंह ने विजयी प्रत्याशियों को प्रधान पद पर निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।