बलरामपुर के तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के चालक दल का स्वागत करते व्यापारी।
तुलसीपुर(बलरामपुर)। गाेंडा-गोरखपुर वाया बढ़नी रेल मार्ग के तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को बांद्रा से गोरखपुर आने वाली ट्रेन के प्रथम ठहराव पर चालक दल का स्वागत किया गया। नगर के व्यापारी व प्रबुद्धजनों ने चालक दल के सदस्यों को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
व्यापार मंडल के महामंत्री रूप चंद्र गुप्ता ने बताया कि तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर अंत्योदय एक्सप्रेस के ठहराव की मांग काफी दिनों से की जा रही थी। व्यापार मंडल द्वारा भी इसके लिए रेल मंत्रालय को मांगपत्र भेजा गया था। रेल प्रशासन ने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों की मांग पर सात अगस्त से प्रयोग के तौर पर छह माह के लिए अंत्योदय एक्सप्रेस का ठहराव तुलसीपुर रेलवे स्टेशन करने का निर्णय लिया है। ट्रेन का ठहराव सोमवार को पहली बार होने से स्थानीय नागरिकों व व्यापारियाें ने खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष राज जी आर्य, सरदार बब्लू सिंह, राम गोपाल गुप्ता, राजेश बरनवाल, मुजीब अल्वी, रिजवान, बब्लू, निजामुद्दीन, अनूप गुप्ता, चरण शर्मा, राजू कसौधन आदि मौजूद रहे।