बलरामपुर। जिले के पिछड़े विकासखंड में शामिल श्रीदत्तगंज को प्रधानमंत्री आकांक्षात्मक ब्लॉक की श्रेणी में चयनित किया गया है। आकांक्षी ब्लॉक में विकास का तौर तरीका सीखने के लिए श्रीदत्तगंज के पांच ग्राम प्रधान प्रधानमंत्री देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में विकास करने के तौर तरीके सीखेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 सितंबर शनिवार को आकांक्षी ब्लॉकों के लिए आयोजित विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। एक सप्ताह तक चलने वाले इस कार्यक्रम को संकल्प सप्ताह के बतौर मनाया जाएगा।
इसके माध्यम से आकांक्षी ब्लॉकों में रहने वाले नागरिकों के जीवन स्तर की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए ब्लाक स्तर पर नागरिक सुविधाओं में सुधार के तौर तरीके सिखाएं जाएंगे। दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में देश भर के पंचायत तथा ब्लॉक स्तर के प्रतिनिधि व अधिकारी हिस्सेदारी करेंगे। इसी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जिले के आकांक्षी श्रीदत्तगंज ब्लॉक से भी पांच ग्राम प्रधान व अन्य अधिकारी दिल्ली रवाना हो चुके हैं। यह जानकारी सहायक विकास अधिकारी पंचायत मानिक राम मौर्य ने दी।
उन्होंने बताया कि श्रीदत्तगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत अगया बुजुर्ग के ग्राम प्रधान श्रीराम, जिगना के प्रधान शौकत अली, पड़री रैकवार के प्रधान सुभाष चंद्र वर्मा, महुआ इब्राहिम की प्रधान रानी सिंह तथा चमरुपुर के प्रधान शिव शंकर सैनी को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में हिस्सेदारी के लिए चुना गया है। इनके साथ ही ब्लॉक प्रमुख हेमंत जायसवाल, खंड विकास अधिकारी सुमित सिंह, सहायक विकास अधिकारी मानिक राम मौर्य, पंचायत सचिव रंजीत आजाद तथा खंड प्रेरक देवेंद्र ओझा भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
जिले के श्रीदत्तगंज ब्लॉक को आकांक्षी ब्लॉक की श्रेणी में चयनित किया गया है। सात दिनों तक चलने वाले इस अभियान के दौरान प्रत्येक दिन अलग-अलग विषयों पर गतिविधियां होंगी। पहले छह दिनों की थीम में संपूर्ण स्वास्थ्य, सुपोषित परिवार, स्वच्छता, कृषि, शिक्षा और समृद्धि दिवस शामिल है। सप्ताह के अंतिम दिन नौ अक्टूबर को पूरे सप्ताह के कार्यों को संकल्प सप्ताह समावेश समारोह के रूप में मनाया जाएगा।