फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: बनेंगे पांच नए बिजली घर, 22 पुराने होंगे उच्चीकृत

Wed, 22 Nov 2023 11:27 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
बलरामपुर। शहर की बिजली सप्लाई व्यवस्था जल्द ही स्मार्ट बनेगी। सप्लाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के लिए शासन ने 660 करोड़ की परियोजनाओं को स्वीकृति दी है। इसके माध्यम से जहां पांच नए बिजली घरों का निर्माण होगा वहीं 22 पुराने बिजली घरों की क्षमता को उच्चीकृत कर हाईटेक बनाया जाएगा। प्रस्तावित कार्ययोजना में बिजली सप्लाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के लिए जरूरत के हिसाब से नए ट्रांसफार्मर लगाने के साथ ही सप्लाई लाइन के पुराने व जर्जर तारों को भी बदला जाएगा। इसका सीधा फायदा 3.70 लाख बिजली उपभोक्ताओं को होगा।
विज्ञापन

इससे उपकेंद्रों पर बढ़ रहे विद्युत लोड में कमी आने से जिले में व्याप्त बिजली संकट को काफी हद तक दूर करने में मदद मिलेगी। वहीं शहरी इलाकों में 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे तक निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति भी हो सकेगी। अभी ग्रामीण क्षेत्रों में रोज पांच से सात घंटे तो शहर में तीन से चार घंटे की बिजली कटौती हो रही है।
स्वीकृत परियोजनाओं के तहत 50 कार्य कराए जाने हैं। इनमें सदर तहसील के देहात कोतवाली क्षेत्र, श्रीनगर व मथुरा बाजार, तुलसीपुर तहसील के रमईडीह गांव व इसी तहसील क्षेत्र के ही नेपाल सीमा से सटे जनकपुर गांव में नए बिजली घरों के निर्माण के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। इन पांचों बिजलीघरों के निर्माण पर करीब 18.75 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
विज्ञापन

कार्ययोजना के तहत जिले के 22 बिजलीघरों पर बढ़ते लोड को घटाने के लिए इनकी क्षमता को बढ़ाकर उच्चीकृत किया जाएगा। इसके साथ ही विद्युत उपकेंद्र महराजगंज तराई के शिवपुरा फीडर के तिरकौलिया, शिवपुरा, बदलदेवनगर व बंजारनडीह में भी ट्रांसफार्मरों की क्षमता को बढ़ाया जाएगा।
इसके साथ ही स्टीम पावर हाउस तुलसीपुर जाने वाली लाइन पर ग्राम मुड़िला, रमईडीह, कटराशंकर नगर, बिजलीपुर, विश्रामपुर व अगया बुजुर्ग आदि के ट्रांसफार्मरों की वर्तमान क्षमता को भी बढ़ाने में करीब 50 करोड़ रुपए खर्च होंगे। साथ ही 110 करोड़ रुपये से जिलेभर में जर्जर हो चुके सप्लाई लाइन के तारों को भी बदलकर अंडरग्राउंड लाइन बिछाने का कार्य भी होगा।
200 करोड़ रुपए से स्मार्ट मीटर बदलने के साथ-साथ नई एचटी लाइन भी बिछाई जाएगी। बिजनेस प्लान के तहत खंड व उपखंड कार्यालयों के साथ कैश काउंटरों पर 12 लाख 20 हजार रुपए में प्रिंटर सहित कम्यूटर आदि के सामान खरीदे जाएंगे। बिजली उपकेंद्र भगवतीगंज में कंट्रोल पैनल व बैट्री की खरीद का कार्य भी होगा।
प्रभारी अधीक्षण अभियंता बालकृष्ण ने बताया कि पांच नए बिजलीघर बनाने व पुरानों को उच्चीकृत करने के साथ ही सप्लाई लाइन के पुराने जर्जर तारों को बदले जाने से जिले में व्याप्त बिजली संकट से काफी हद तक राहत मिलेगी। ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ जाने से उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज की समस्या से भी छुटकारा मिल सकेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें