नवाबगंज (गोंडा)। अयोध्या के सरयू नदी के तट पर आयोजित पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष महोत्सव का शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजयंत जय पांडा ने किया। इस मौके पर भारत सहित 28 देशों से आए 100 से अधिक ज्योतिष विज्ञानी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में ज्योतिष का बड़ा महत्व है। वक्ताओं ने कहा कि भारत विश्वगुरु बनने की तरफ अग्रसर है। अर्थव्यवस्था में भारत अभी पांचवें स्थान पर है, जल्द ही वह तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उड़ीसा से आए अंतरराष्ट्रीय ज्योतिषाचार्य संजय रथ ने कहा कि ग्रह नक्षत्रों की गणना एवं निरुपण मनुष्य जीवन के लिए महत्वपूर्ण होते हैं और यह व्यक्तित्व की परीक्षा की भी एक कारगर तकनीक है। इससे किसी व्यक्ति के जीवन के भविष्य में घटने वाली घटनाओं का पता किया जा सकता है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा, गोंडा सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह के अलावा मशहूर ज्योतिषाचार्य एंड्रयू फॉस, लक्ष्मी रमेश, मोहन राजा सुब्रह्मणयम, श्यामला सुब्रह्मणयम, रामाकृष्ण शीलम, कार्तिक गोर, विवेक श्यामला, रितु खुराना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।