पचपेडवा (बलरामपुर)। मां के तानों से तंग आकर किशोरी ने बाग में आत्महत्या की थी। बाद में उसकी मां अनीता ने विरोधियों को फंसाने के लिए मामले को उलझाने के लिए हत्या का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम कराया और तहरीर में नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया। बाद में पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि बेटी ने मां के तानों से तंग आकर ही आत्महत्या की थी। पुलिस ने मां अनीता को आत्महत्या के लिए उकसाने और झूठी एफआईआर दर्ज कराने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
थाना के भाथर ग्राम पंचायत के नेटहवा में बीते 20 दिसंबर को 16 वर्षीय चंदा का शव बाग में मिला था। इसमें हत्या का केस दर्ज हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विवेचना में पुलिस को मृतका की मां अनीता पर संदेह हुआ। प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि मृतका की मां अनीता ने बताया कि 19 दिसंबर को बेटी चंदा व उसकी बहन गुंजा के बीच सिलाई मशीन चलाने को लेकर झगड़ा हुआ था। इस पर चंदा को डांटने के साथ एक दो झापड़ भी मार दिए गए थे। मां ने बताया कि घटना के बाद वह खेत में काम करने और बेटी पिता को खाना देने चली गई। वह घर से साथ में एक पीली साड़ी लेकर निकली थी। खाना देने के बाद उसने अनवर के सागवन के बाग में पेड़ से साड़ी का फंदा गले में लगा कर आत्महत्या कर ली।
जब वह पुत्री को खोजते हुए सागवन की बाग में गई, तो वहां उसने बिना किसी को बताए शव को फंदा लगी साड़ी समेत नीचे उतारा। इसके बाद साड़ी को पशुशाला में लाकर छुपा कर जमीन के विवाद में विपक्षी बने लोगों को फंसाने के लिए बेटी की हत्या की झूठी तहरीर पुलिस में दे दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मड़हे से एक अदद पीली छापदार साड़ी बरामद कर मृतका की मां को आत्महत्या के लिए उकसाने और झूठी एफआईआर दर्ज कराने का दोषी मानते हुए गिरफ्तार कर लिया है।