बलरामपुर के बिजलीपुर मंदिर पर हवन पूजन करते लोग।-संवाद
बलरामपुर। शारदीय नवरात्र नवमी को मां दुर्गा की नौवीं शक्ति मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की गई। शुक्रवार को देवी मंदिरों पर श्रद्धालुओं ने मां सिद्धिदात्री को चुनरी व नारियल आदि चढ़ाकर उनसे अज्ञानता व असंतोष दूर करने की मंगल कामना की। श्रद्धालुओं ने हवन यज्ञ के साथ-साथ कन्याओं की पूजा कर नवरात्र व्रत की पूर्णाहुति की।
शक्तिपीठ देवी पाटन में भोर पहर से भक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों ने पवित्र सूर्य कुंड में स्नान कर मां पाटेश्वरी की पूजा-अर्चना की। नगर के बिजलेश्वरी मंदिर व झारखंडी मंदिर पर भी भक्तों की भीड़ जुटी। सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े मां के जयघोष करते हुए भक्तगण मां के दर्शनार्थ अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। देवी मंदिरों में हवन-यज्ञ के साथ कन्या भोज कराया गया। जरवा के बाराही देवी मंदिर, कुआनो जंगल के सम्मय माता मंदिर, उतरौला के ज्वाला देवी, रहिया देवी, बड़िकी बहिनी थान व काली माता मंदिर सहित सभी प्रमुख देवी मंदिरों में भक्तों ने मां सिद्धिदात्री को चुनरी, नारियल, पुष्प, अक्षत, लौंग व कफूर आदि चढ़ाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
नवमी तिथि को मंदिरों के साथ घरों में भी लोगों ने हवन यज्ञ किया। हवन पूजन के पश्चात लोगों ने कन्याओं की पूजा कर नवरात्र व्रत की पूर्णाहुति की। देर रात तक मंदिरों पर हवन-पूजन व कन्या भोज का सिलसिला चलता रहा।
देवीपाटन में हुआ कन्यापूजन
तुलसीपुर। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में महंत मिथिलेश नाथ योगी ने हवन-यज्ञ के साथ कन्या पूजन किया। महंत ने कन्याओं का चरण धुलकर उन्हें भोजन कराया। इस अवसर अरुण गुप्ता, धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, काली शरण मिश्रा व श्याम तिवारी आदि मौजूद रहे।