बलरामपुर। जिला सेवायोजन कार्यालय में शनिवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में निजी कंपनियों ने अपने उत्पाद बेचने के लिएयुवाओं को 10 हजार रुपये प्रति माह का जॉब ऑफर किया। कई युवा निराश होकर लौट गए। रोजगार मेले में 76 युवाओं ने साक्षात्कार दिया जिसमें से 42 को नौकरी का ऑफर लेटर दिया गया।
जिला सेवायोजन कार्यालय में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन बलरामपुर व राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान विशुनपुर विश्राम पचपेड़वा के संयुक्त तत्वाधान में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। अधिकारियों की उदासीनता के कारण रोजगार मेला मात्र औपचारिकता तक सीमित रह गया। मेले में मात्र पांच कंपनियों ने ही प्रतिभाग किया। इनमें भी चार निजी कंपनियां ने प्रोडक्ट सेलिंग के लिए एमआर की नौकरी का ऑफर दिया। लाइफ इंश्योरेंस काॅर्पोरेशन ऑफ इंडिया ने एलआईसी एजेंट के लिए युवाओं का साक्षात्कार लिया।
इनसेट
इच्छानुसार नहीं मिली नौकरी
रोजगार की तलाश में पहुंची बरखा देवी व माधुरी कसौधन ने बताया कि मेले में अधिकांश कंपनियां फील्ड वर्क का जॉब ऑफर कर रही हैं। हम लोगों के लिए फील्ड में काम करना मुश्किल है। मेले में नौकरी की आस लेकर आई थी, लेकिन निराशा ही हाथ लगी। सदर ब्लॉक के झौहना निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि मेले में कोई ठीक-ठाक कंपनी नहीं आई है। सभी कंपनियों के प्रतिनिधि अपने प्रोडक्ट के प्रचार व बेचने के लिए नौकरी का ऑफर दे रहे हैं।
साक्षात्कार के जरिए 42 युवा चयनित
जिला सेवायोजन अधिकारी आशा वर्मा ने बतायाा कि रोजगार मेले में एलआईसी, ग्रीन ग्रो जेनेटिक लिमिटेड, निव्या टेलीकाम सर्विस व ब्राइट फ्यूचर सहित पांच कंपनियों ने प्रतिभाग किया है। कंपनी के प्रतिनिधियों ने कुल 76 युवाओं का साक्षात्कार लिया। इनमें से विभिन्न पदों के लिए 42 युवाओं को चयनित किया गया है।