बलरामपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग आठवीं कक्षा पास कर चुके बच्चों का शत प्रतिशत नामांकन कक्षा नौ में कराने की कवायद में जुटा है। इसके तहत संचालित अभियान के दौरान अब तक 21,925 विद्यार्थियों का पंजीकरण कराया जा चुका है। छूटे हुए 5891 बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन करने के लिए इंटर कॉलेज के शिक्षक घर-घर दस्तक दे रहे हैं।
संपूर्ण बच्चों का नामांकन कराने के लिए डीआईओएस गोविंदराम ने एमवाई उस्मानी इंटर कॉलेज के शिक्षक अबुल हाशिम को नोडल बनाया है। नोडल अधिकारी परिषदीय के साथ वित्तीय सहायता प्राप्त, अशासकीय तथा निजी स्कूलों आठवीं पास करने वाले बच्चों की सूची लेकर उनका नामांकन करा रहे हैं। ताकि कोई भी बच्चा कक्षा नौ में प्रवेश से वंचित न रहने पाए।
नोडल अधिकारी ने बताया कि पिछले साल कक्षा आठ में कुल 27,816 विद्यार्थी पास हुए थे। इसमें से 18095 विद्यार्थी परिषदीय जबकि शेष 9721 प्राइवेट, अशासकीय व एडेड स्कूलों के थे। अभी तक इनमें से सिर्फ 21925 बच्चों का ही प्रवेश कक्षा नौ में हुआ है। बताया कि तुलसीपुर तथा हरैया सतघरवा में पंजीकरण हुए विद्यार्थियों का विवरण आना अभी बाकी है।
शत-प्रतिशत बच्चों के नामांकन का प्रयास
अभियान में अब तक 27816 के सापेक्ष 21925 बच्चों का नामांकन कक्षा नौ में कराया गया है। प्रवेश से वंचित 5891 बच्चों को स्कूल भेजने के लिए शिक्षक घर-घर जाकर दस्तक देकर बच्चों का प्रवेश कराने के लिए अभिभावकों को जागरूक कर रहे हैं। गोविंद राम, डीआईओएस बलरामपुर