फोटो-8-बलरामपुर में बुधवार को हुई बारिश के बीच धान की रोपाई करती महिलाएं।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। एक माह बाद हुई झमाझम बारिश से किसान झूम उठे हैं। जमकर हुई बारिश के बाद किसानों ने खेती किसानी का काम तेज कर दिया है। धान की रोपाई के साथ गन्ने की फसल में यूरिया का छिड़काव कर रहे हैं। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को शीघ्र पकने वाले धान की प्रजाति के रोपाई की सलाह दी है। इधर, बारिश के बीच बिजली गिरने से मेड़बंदी कर रहे एक युवक की मौत हो गई है।
विदित हो कि मानसून सक्रिय होने के करीब एक माह बाद भी बारिश न होने से किसान चिंतित थे। 175 फिसदी खेतों में पानी की कमी के चलते धान की रोपाई नहीं हुई थी। बुधवार सुबह आसमान में अचानक घिरे काले बादलों ने 11 बजे से जमकर बरसना शुरू कर दिया। देखते ही देखते हर तरफ पानी ही पानी दिखने लगा। सुबह 11 बजे शुरू हुई बारिश का सिलसिला रूक-रूक कर शाम तक जारी रहा। बारिश होते निराश किसान खुशी से झूम उठे। लोगों ने धान की रोपाई के लिए खेत तैयार करना शुरू कर दिया। तमाम बच्चे बारिश में भीगकर मस्ती करते नजर आए। किसान राम अचल, शिव कुमार, कृष्ण गोपाल सिंह, ननके, इलियास, अशफाक व फरीद ने बताया कि देर से ही बारिश तो शुरू हुई। हम लोग काफी निराश थे लेकिन बुधवार को हुई बारिश से काफी उम्मीद जगी है।
जल्दी पकने वाली प्रजाति की करें रोपाई
कृषि विज्ञान केंद्र पचपेड़वा के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि धान की फसल एक महीने लेट हो चुकी है। ऐसे में किसान भाई अब 90 से 100 दिन के भीतर पकने वाली प्रजाति की ही रोपाई करें। खेतों की ठीक मेड़बंदी करें ताकि बारिश का पानी खेत से निकलने न पाए। खेतों में नमी हो गई है। किसान अब ज्वार, बाजरा, लोबिया व उड़द आदि की बुवाई कर सकते हैं। वर्षा जल संचयन का हर संभव प्रयास करे ताकि भूगर्भ जलस्तर बेहतर हो सके।
बिजली गिरने से युवक की मौत
बुधवार सुबह करीब 11.30 बजे बारिश के बीच खेत में काम कर रहे युवक की बिजली गिरने से मौत हो गई। ग्राम पंचायत बलुआ-बलुई के ग्राम प्रधान राना प्रताप यादव ने बताया कि गांव का ही जितेंद्र कुमार आर्या (25) बारिश के बीच धान की रोपाई के लिए गांव के पश्चिम स्थित खेत में मेड़बंदी कर रहा था। तभी बिजली की चपेट में आ गया। आनन फानन में परिजन निजी वाहन से उसे अस्पताल ले जा रहे थे। परीक्षण के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना सदर तहसील प्रशासन को दे दी गई है।