बलरामपुर। निकाय चुनाव का एलान होने से निकायों में प्रस्तावित विकास कार्याें की योजनाओं पर ग्रहण लग गया है। अब यह योजनाएं चुनाव के बाद धरातल पर उतारी जाएंगी।
बलरामपुर नगर पालिका परिषद में नहर बालागंज रोड मस्तानशाह मजार से केजीएन ट्रेडर्स गोदाम तक, अंधियारी बाग में गोदाम से निपकौनी तक, नई बस्ती में संतराम के मकान से तिलकराम के घर तक, प्लवे स्कूल से अशोक श्रीवास्तव के घर तक व नई बस्ती में नत्थू के मकान से मस्जिद तक इंटरलॉकिंग का काम कराने की योजना तैयार की गई थी। इसके लिए एक करोड़ 89 लाख 46 हजार रुपये के बजट का प्रावधान किया गया था। चुनाव के कारण यह काम फंस गया।
इसके अतिरिक्त उतरौला नगर पालिका परिषद में 32 करोड़ सात लाख रुपये से पेयजल योजना स्वीकृत की गई थी। इसके माध्यम से दो जलाशय, सात नलकूप, 62.973 किमी. लंबी पाइप लाइन व 5500 घरों तक पानी पहुंचाने की योजना है।
तुलसीपुर में 42 करोड़ 46 लाख 35 हजार रुपये से 15 वार्डों में दो जलाशय, आठ नए व छह रीबोर वाले नलकूपों के साथ ही 63 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन डालने की योजना है। पचपेड़वा में एक करोड़ 98 लाख रुपये से पाइप लाइन डाली जाएगी। पचपेड़वा में जल निकासी के लिए सीवरेज पर एक करोड़ 93 लाख की योजना पर काम होना है। मगर चुनाव के कारण इन कामों पर रोक लग गई है। जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता जियाउल हक ने बताया कि चुनाव के बाद यह काम होंगे।