बलरामपुर। पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में परीक्षा पर चर्चा की। जिले के विद्यालयों में इसका लाइव प्रसारण सुनने और देखने के लिए खास इंतजाम किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिक्षकों के साथ ही विद्यार्थियों से भी अपील की कि वह परीक्षा को लेकर कोई तनाव न लें बल्कि इसे उत्सव की तरह मनाएं। मोदी मंत्र पाकर उत्साहित छात्रों ने आत्मविश्वास से परीक्षा की चुनौती का सामना करने का संकल्प भी लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखकर विद्यार्थी उत्साहित दिखे। पीएम मोदी से परीक्षा संबंधी दबाव, तनाव और निराशा दूर करने का मंत्र पाकर विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ा। यशी, स्नेहाशीष, आकृति, मान्या, अंशिका, निखिल, अर्पित व वैभव आदि विद्यार्थियों ने कहा कि परीक्षा की चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं। पीएम मोदी ने बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की तमाम समस्याओं को सुनकर सुझाव भी दिए।
पायनियर पब्लिक स्कूल में पीएम मोदी का लाइव प्रसारण दिखाने के लिए बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी। स्कूल के प्रबंधक डॉ. एमपी तिवारी ने बताया कि विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों को भी लाइव प्रसारण देखने के लिए आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने कार्यक्रम को देखते हुए विभिन्न बिंदुओं को बच्चों के साथ बातचीत कर साझा भी किया।