बलरामपुर के उपनिबंध कार्यालय का निरीक्षण करते डीएम पवन अग्रवाल।
बलरामपुर। डीएम ने शुक्रवार को उप निबंधक कार्यालय का गेट बंद करवाकर जांच की। वहां पर मौजूद लोगों से जानकारी हासिल की। एक-एक व्यक्ति से पूछताछ की गई, जिसमें दो व्यक्ति बाहरी मिले। डीएम ने उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
डीएम पवन अग्रवाल ने उप निबंधक कार्यालय में रजिस्ट्री कराने आए लोगों से वार्ता की। कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध वसूली पर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन करते हुए सभी पटलों के कार्यों का निरीक्षण कर रजिस्ट्री, स्टांप फीस के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। सहायक निबंधक को निर्देश दिया कि कार्यालय को बाहरी व्यक्तियों व दलालों से मुक्त रखा जाए।
इसके बाद डीएम ने डीआईओएस कार्यालय का भी औचक निरीक्षण किया। कहा कि कोई भी पत्रावली लंबित न रहे, सभी को प्राथमिकता के साथ निस्तारित किया जाय। एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रदीप कुमार, एडीएम न्यायिक प्रमोद कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।
अफसरों ने की जांच
उतरौला (बलरामपुर)। एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रदीप कुमार व एसडीएम उतरौला अवधेश कुमार ने उप निबंधक कार्यालय उतरौला का औचक निरीक्षण किया। कार्यालय में आए लोगों से जानकारी ली। इस दौरान रजिस्ट्री क्रेताओं से प्रपत्र के मूल्यों की जानकारी प्राप्त कर नाराजगी जाहिर की।