बलरामपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 116 नये राजस्व लेखपाल जिले को मिले हैं। जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने नवनियुक्त राजस्व लेखपालों को ज्वाइनिंग कराते हुए तहसीलवार उनकी तैनाती भी सुनिश्चित कर दी है।
इसके तहत बलरामपुर तहसील को 33, तुलसीपुर तहसील को 40 तथा उतरौला तहसील को 43 नये लेखपाल मिले हैं। जिले में लेखपालों की संख्या बढ़ने से अब राजस्व से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी। नई तैनाती होने से लेखपालों के रिक्त पड़े 82 फीसदी पद भी भर जाने से आम जन से जुड़ी राजस्व संबंधी समस्याओं को भी दूर करने में मदद मिलेगी। डीएम ने बताया कि जिले में पहले से 190 राजस्व लेखपाल तैनात हैं। 116 नये लेखपालों की तैनाती से जिले में लेखपालों की कुल संख्या 306 हो गई है। जो जिले में स्वीकृत पदों के सापेक्ष 82 प्रतिशत है।
डीएम ने तीनों तहसील के एसडीएम को निर्देशित किया है कि नवनियुक्त लेखपालों से चरित्र प्रमाण पत्र एवं स्वास्थ्य प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी अभिलेख जमा करवाकर नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराया जाए।