फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: भोलेनाथ का जलाभिषेक करने उमड़े भक्त

Sat, 07 Sep 2024 12:17 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कजरी तीज पर महिलाओं ने रखा व्रत, शिव-पार्वती की पूजा कर मांगा आशिर्वाद
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। कजरी तीज के अवसर पर शुक्रवार को शिवालयों में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ा। भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। तीज पर महिलाओं ने व्रत रखकर अपने पतियों के दीर्घायु की कामना की। वहीं शिवभक्तों ने शिव-पार्वती की विधि विधान से पूजन-अर्चन किया।
कजरी तीज के अवसर पर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना के लिए भोर पहर से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। नगर के झारखंडी मंदिर में शिवभक्तों ने भगवान शंकर का जलाभिषेक करके उनसे सुख, समृद्धि की कामना की। नवयुवक कांवर संघ स्टेशन चौराहा, जय बाबा बैजनाथ संघ तथा बैजनाथ कांवर संघ के नेतृत्व में कांवड़ियों ने राप्ती नदी के सिसई घाट से जल भरकर झारखंडेश्वर महादेव मंदिर भगवतीगंज तथा राजापुर भरिया जंगल स्थित कल्पेश्वर नाथ महादेव मंदिर पर अभिषेक किया।
विज्ञापन

राप्ती नदी से राजापुर भरिया जंगल तक कांवड़िया बोल बम के जयकारों के साथ-साथ डीजे के भक्तिमय गीतों की धुनों पर थिरकते नजर आए। इसके अतिरिक्त नगर के सभी शिव मंदिर सहित तहसील पचपेड़वा के शिवगढ़ धाम, उतरौला के दुखहरन नाथ मंदिर तथा महराजगंज तराई स्थित शिवालय पर श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, भांग, दूध, दही व शहद आदि का जलाभिषेक किया। वहीं, कजरी तीज पर महिलाओं ने पति की लंबी उम्र की कामना करने के साथ माता पार्वती व भोले भंडारी की पूजा की।


भंडारे का हुआ आयोजन
राजापुर भरिया जंगल स्थित कल्पेश्वर नाथ महादेव मंदिर परिसर में जय बाबा बैजनाथ संघ एवं बैजनाथ कांवर संघ की ओर से भंडारे का आयोजन हुआ। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे के आयोजन में आनंद किशोर गुप्ता, पवन शर्मा, डॉ. कौशल्या गुप्ता, कृष्ण कुमार, राज कुमार पांडेय, अतुल सोनी, आनंद अग्रवाल व गोविंद शर्मा आदि का सराहनीय योगदान रहा।

कांवड़ियों के लिए लगा फौव्वारा
कजरी तीज पर भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों के लिए जगह-जगह फौव्वारे एवं पंपिंग सेट लगा रखा था। वहीं, कांवड़ यात्रा मार्ग पर कई जगह जलपान की भी व्यवस्था की गई थी।
विज्ञापन


सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम
कांवड़ यात्रा मार्ग सहित राजापुर भरिया जंगल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए थे। अन्य मंदिरों पर भी पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी। सीसीटीवी कैमरे से भी नजर रखी जा रही थी। एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने भ्रमण करके सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें