तुलसीपुर (बलरामपुर)। 22 मार्च से शुरू हो रहे देवीपाटन मेले में इस बार श्रद्धालु ट्रैक्टर -ट्राली से न आएं, इसके लिए पुलिस इस बार विशेष अभियान चलाएगी। गांव-गांव प्रधानों के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। यदि कोई ट्रैक्टर-ट्राली से श्रद्धालुओं को लेकर आएगा तो संबंधित वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एएसपी ने बताया कि इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
बृहस्पतिवार को एडीएम प्रदीप कुमार व एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने मेला परिसर का निरीक्षण किया। मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों से जानकारी ली गई। साथ ही फैजल महाविद्यालय, स्टारवर्ल्ड इंटर कॉलेज, स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज आदि स्कूलों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। स्कूल के प्रबंधकों को पुलिस बल के लिए पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कर दिए जाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि स्कूलों में ठहरने वाले पुलिस बल को दिशा निर्देश दिए जाएंगे कि किसी प्रकार की स्कूल प्रबंधन को परेशानी ना हो। इस मौके पर एसडीएम मंगलेश दुबे, सीओ राघवेंद्र सिंह व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।