जरवा (बलरामपुर)। विद्युत उपखंड तुलसीपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गनेशपुर में ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण तीन दिनों से बिजली गुल है। बिजली न आने से परेशान ग्रामीण रात अंधेरे में काटने को विवश हैं। विभागीय उदासीनता के खिलाफ रविवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने प्रदर्शन कर एक्सईएन पावर कॉर्पोरेशन से बिजली आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हकीम खान, कमलेश, अजीम, वकील, सफीक, इरफान, अरबाज, नईम, रिजवान, इश्तियाक, घनश्याम, चिंतन, पतीराम, मनीराम व चिनके आदि ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि गांव में कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। लोड अधिक होने के कारण आए दिन ट्रांसफार्मर जल जाता है। सात माह से लगातार गांव में बिजली की समस्या बनी हुई है।
बिजली विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1912 व एसडीओ व जेई से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया जा रहा है। इन्होंने बताया कि तीन दिन पहले ट्रांसफार्मर जल गया था, जिस कारण से गांव की बिजली आपूर्ति ठप है। तीन दिनों से बिजली न आने के कारण 300 परिवारों को अंधेरे में रात काटनी पड़ रही है। मोबाइल चार्ज कराने के लिए बाजार जाना पड़ता है।
इन्होंने एक्सईएन पावर कॉर्पोरेशन से ट्रांसफार्मर बदलवाकर बिजली आपूर्ति शुरू कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में उपखंड तुलसीपुर के जेई राम नरेश गौतम ने बताया कि गनेशपुर गांव में ट्रांसफार्मर जलने की सूचना मिली है। शीघ्र ही ट्रांसफार्मर ठीक कराकर आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।