बलरामपुर। मिनिस्टीरियल एसोसिएशन इरीगेशन डिपार्टमेंट में अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे बाढ़ खंड बलरामपुर के वरिष्ठ सहायक ने चुनाव तिथि के पूर्व ही प्रांतीय कार्यालय से खुद को अध्यक्ष नामित करा लिया। यही नहीं विभाग के सभी पटलों पर मनोनयन पत्र भी भेज दिया। इससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।
सिंचाई विभाग के कर्मचारी मनोज कुमार श्रीवास्तव, चंद्रप्रकाश, रामाशीष, देवेश कुमार, सन्नी कुमार, पूजा, अविनाश चंद्र सहित 51 लोगों ने संघ के प्रांतीय अध्यक्ष को भेजे गए पत्र में कहा है कि विभाग में मिनिस्टीरियल एसोसिएशन इरीगेशन डिपार्टमेंट का चुनाव 29 सितंबर को होना था।
बाढ़ खंड के वरिष्ठ सहायक इंद्रदेव पांडेय व घनश्याम अध्यक्ष पद के दावेदार थे। चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार इंद्रदेव पांडेय सहित विभाग के 51 कर्मचारियों ने प्रांतीय अध्यक्ष कृतार्थ सिंह को लिखे सामूहिक पत्र में आरोप लगाया कि चुनाव लड़ रहे घनश्याम ने कूटरचित ढंग से प्रांतीय संगठन को भ्रामक सूचना दी।
साथ ही गोपनीय ढंग से प्रांतीय महामंत्री के पैड पर खुद को अध्यक्ष मनोनीत करा लिया। आदेश का पत्र बनाकर सरयू नहर कॉलोनी के समस्त खंडों में वितरित करा दिया। कर्मचारियों ने कहा कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों ने प्रांतीय अध्यक्ष से मनोनयन को निरस्त करते हुए पुन: चुनाव कराकर अध्यक्ष व अन्य कार्यकारिणी के गठन की मांग की है।