ललिया/गैड़ास बुजुर्ग (बलरामपुर)। जिले के दो अलग-अलग गांवों में युवक और युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ललिया थाना क्षेत्र के शंकरनगर गांव में जहां एक युवक का शव छत के कुंडे से गमछे के सहारे लटकता मिला, वहीं सादुल्लाहनगर थाना क्षेत्र के तकियवा गांव में एक युवती का शव भी छत के कुंडे से लटकता पाया गया। दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ललिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भगता के मजरे शंकरनगर में रविवार को सुबह करीब पांच बजे हरिराम प्रजापति (40) का शव छत के कुंडे में गमछे के सहारे लटकता मिला। मृतक की पत्नी राजरानी ने बताया कि रविवार की सुबह पांच बजे जब वह अपने पति को जगाने के लिए कमरे के अंदर गई तो उनका शव छत के कुंडे से लटक रहा था। ललिया थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
वहीं दूसरी तरफ सादुल्लाहनगर थाना क्षेत्र के अतरौरा गांव निवासी व्यंजन गुप्ता ने बताया कि वह अपने पति अर्जुन गुप्त से अलग होकर 18 वर्षीय बेटी पलक व 10 वर्षीय बेटे के साथ पड़ोस के गांव तकियवा में किराए पर मकान लेकर रहती है। पलक काफी दिनों से बीमार चल रही थी। शनिवार की रात पलक ने छत के कुंडे से दुपट्टा के सहारे फांसी लगा ली। प्रभारी निरीक्षक बृजानंद सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जानकारी की जा रही है।