संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। शैक्षिक भ्रमण के लिए ऋषिकेश गया गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र के सोनपुर स्थित श्रीराम स्मारक शिक्षण संस्थान का छात्र साकिब नहाते समय गंगा नदी में डूब गया था। बीते सोमवार को हुए इस हादसे के बाद से छात्र की तलाश चल रही थी। घटना के पांचवें दिन एक किशोर का शव घटनास्थल से करीब 15 किलोमीटर दूर लक्ष्मण झूला बैराज में पाया गया है। शव साकिब का होने की आशंका जताई जा रही है।
इसकी शिनाख्त के लिए लक्ष्मण झूला पुलिस ने साकिब के पिता ग्राम हल्लौरा निवासी इसरार अहमद को पहचान के लिए ऋषिकेश बुलाया है। साकिब के पिता ग्राम प्रधान इंद्रजीत साहू सहित पांच लोगों के साथ शुक्रवार को ऋषिकेश के लिए रवाना हुए। थाने के बीट प्रभारी मोनेश चौधरी ने बताया कि गंगा नदी में डूबे साकिब की तलाश में पांच दिनों से स्थानीय थाने की पुलिस के साथ जल पुलिस व राज्य आपदा मोचन बल की टीम जुटी थी। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एसडीआरएफ को शुक्रवार को लक्ष्मण झूला बैराज के पास एक किशोर का शव मिला है। शव को सुरक्षित रखते हुए साकिब के परिजनों को शिनाख्त के लिए बुलाया गया है। इसके बाद ही शव परिजनों को सौंपा जाएगा।