पेहर बाजार (बलरामपुर)। बेटियों को सुरक्षा व अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से सोमवार को पेहर बाजार स्थित राम अवध यादव इंटर कालेज रेड़वलिया में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें बेटियों को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। बेटियों ने महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार की तरफ से चलाई जा रहीं योजनाओं तथा पुलिस की कार्यशैली के बारे में अधिकारियों से सवाल पूछे। अधिकारियों ने बेटियों के सवालों का जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासा शांत की।
अमर उजाला की तरफ से आयोजित पुलिस की पाठशाला का शुभारंभ एसडीएम उतरौला संतोष कुमार ओझा ने किया। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 21वीं सदी में पूरी दुनिया तकनीक के माध्यम से विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। तकनीक एवं संचार माध्यमों के जरिए अपराधों पर भी नियंत्रण पाया जा रहा है। मोबाइल के जरिए अपराधियों की ट्रेसिंग हो रही है। बेटियां मोबाइल का प्रयोग पढ़ाई के साथ अपनी सुरक्षा के लिए भी कर सकती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पढ़ाई हो या खेल, सभी में सफलता हासिल करके बेटियों ने यह साबित कर दिया है कि वे किसी भी मामले में बेटों से कम नहीं हैं। प्रभारी निरीक्षक रेहरा बाजार डॉ. ओम प्रकाश चौहान ने बेटियों को अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि उनकी सुरक्षा के लिए सरकार की तरफ से 1090, 181, 1076, यूपी-112 आदि हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर कॉल करके पुलिस की सहायता प्राप्त की जा सकती है। हेल्पलाइन नंबरों पर शिकायत करने वाली बेटियों की पहचान गोपनीय रखी जाती है। कहीं भी कोई समस्या हो तो इन नंबरों पर कॉल की जा सकती है।
पुलिस की पाठशाला में छात्रा सरनाली सरकार ने सवाल किया कि यदि सूनसान स्थानों पर कोई परेेशान करे और हाथ में मोबाइल न हो तो किस तरह पुलिस की सहायता ली जा सकती है। चौकी इंचार्ज पेहर शमशाद अली ने बताया कि सभी स्कूलों के पास और रास्तों में पुलिस हमेशा मौजूद रहती है। यदि आपके पास मोबाइल नहीं है और पुलिस की सहायता लेनी है तो आसपास देखें और किसी दूसरे से मोबाइल लेकर पुलिस को कॉल करें। पुलिस की ओर से आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी तथा पुलिस तत्काल सहायता के लिए पहुंचेगी।
विद्यालय के प्रबंधक संतोष कुमार यादव ने कहा कि राष्ट्र व समाज की तरक्की के लिए बेटियों का आत्मनिर्भर होना जरूरी है। बेटियां बिना किसी भय के जीवन पथ पर आगे बढ़ें। शिक्षा हासिल करके अपने अधिकारों को जानें और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनें। तरक्की के लिए शिक्षित होने के साथ ही आगे बढ़ने की ललक भी होनी चाहिए।
प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद यादव व मेवालाल ने कहा कि सरकार बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए तमाम योजनाएं चला रही है लेकिन जानकारी न होने के कारण बेटियों को इनका लाभ समुचित ढंग से नहीं मिल पाता है। योजनाओं का लाभ तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए शिक्षित होना जरूरी है। परिवार के लोग बेटियों को घर तक ही सीमित न रखें उन्हें शिक्षित बनाकर तथा तकनीकी रूप से प्रशिक्षित करके आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करें। बेटियां सशक्त होंगी तभी परिवार व राष्ट्र भी मजबूत बनेगा। इस अवसर पर ओमप्रकाश यादव, सत्य प्रकाश सिंह, विनोद, किरन कुमार प्रजापति व लक्ष्मी यादव आदि मौजूद रहे।