बलरामपुर। आंधी व बारिश के चलते विद्युत उपकेंद्र बेलभरिया हरैया से जुड़े 150 से अधिक गांवों की बिजली 24 घंटे से गुल है। कई स्थानों पर जर्जर तारों व पोल के टूटने से समस्या उत्पन्न हुई है। इसे लेकर बिजली उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है। हालांकि बिजली आपूर्ति बहाल कराने को लेकर विभागीय अधिकारी व कर्मचारी जुटे हुए हैं।
विद्युत उपकेंद्र बेलभरिया हरैया से जुड़े उपभोक्ता राकेश मणि तिवारी, विनोद कुमार तिवारी, ओम प्रकाश यादव, आज्ञाराम, अतुल मणि तिवारी, दिवांकर पांडेय, सियाराम, सूर्यकांत, मोहम्मद इदरीश व आशीष कुमार आदि ने आरोप लगाया है कि हल्की सी बारिश होने पर क्षेत्र की बिजली अक्सर गुल हो जाती है। कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। यही हाल 24 घंटे से है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों के मोबाइल चार्ज न होने से बंद हो गए हैं। भीषण गर्मी में हाल बेहाल है। बिजली न आने से क्षेत्र के लोगों में आक्राेश है। उपभोक्ताओं ने अधीक्षण अभियंता को संबोधित शिकायती प्रार्थना पत्र क्षेत्रीय जेई को सौंपा है।
शीघ्र आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास
-बिजली विभाग के क्षेत्रीय जेई हरिओम प्रसाद ने बताया कि विद्युत उपकेंद्र बेलभरिया हरैया से कई गांवों को आपूर्ति की जा रही है। लंबी पारेषण लाइन होने के कारण तकनीकी समस्या उत्पन्न बनी रहती है। आंधी व बारिश के कारण कई स्थानों पर तार व पोल टूट गए हैं, जिसे ठीक कराया जा रहा है। शीघ्र आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।