गैस सिलिंडर से लगी आग, युवक की मौत, भाई झुलसा
उतरौला-बलरामपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के नंदौरी गांव में चाय बनाते समय गैस लीक होने के कारण सिलिंडर में आग लग गई। आग की चपेट में आकर युवक की झुलसकर मौत हो गई तथा उसका चचेरा भाई घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर 2.30 बजे नंदौरी निवासी मनोज कुमार गुप्ता(25) घर के किचन में चाय बना रहा था। रसोई गैस की पाइप की लीकेज होने के कारण अचानक किचन में आग लग गई।
आग की चपेट में आकर मनोज की झुलसने से मौके पर ही मौत हो गई। मनोज को बचाने के प्रयास में चचेरा भाई राकेश भी झुलसकर घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर सर्विस की गाड़ी ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।
मनोज की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार केजी त्रिपाठी व कोतवाल एसके सिंह ने घटना की छानबीन कर अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।