दिन दहाड़े बदमाशों ने लूटी ट्रक
-खलासी की सूचना पर पुलिस छानबीन में जुटी
बलरामपुर। एसयूवी सवार बदमाशों ने दिन दहाड़े देहात थाना क्षेत्र के नहर बालागंज के निकट खड़ी ट्रक लूट लिया और फरार हो गए। बदमाश ट्रक अपने साथ ले गए तथा खलासी को बाहर फेंक दिया है। खलासी की सूचना पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
थाना बलरामपुर देहात संजय कुमार ने बताया कि उतरौला निवासी सलाहुद्दीन की ट्रक बीते दिन कानपुर से माल लेकर आई थी। ट्रक चालक संदीप निवासी ग्राम दतियापुर कोतवाली देहात गोंडा माल उतारकर सोमवार दोपहर में गाड़ी नहर बालागंज के पास खड़ी कर दी थी। यहीं से उसका माल लेकर बाहर जाना था। गाड़ी खड़ी करने के बाद ट्रक चालक जरुरी काम से कहीं चला गया। चालक ने खलासी राजू चौहान निवासी तुलसीपुर बलरामपुर को ट्रक की निगरानी के लिए छोड़ गया था। करीब 2.30 बजे स्कार्पियों सवार 5-6 लोग आए और राजू को बुलाकर अपनी गाड़ी में बंधक बना लिया। बदमाशों में से एक व्यक्ति ट्रक में आ गया और लेकर फरार हो गया। स्कार्पियों सवार बदमाशों ने राजू को भी कुछ दूर लेकर गाड़ी से बाहर फेंक दिया। राजू ने भागकर मामले की सूचना देहात थाने में दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। सीओ सिटी नीतेश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि खलासी की सूचना लूटे गए ट्रक की तलाश कराई जा रही है। शीघ्र ही ट्रक बरामद कर ली जाएगी।