बलरामपुर के कंपोजिट विद्यालय कालूबनकट में बैठक करते शिक्षक।
बलरामपुर। भीषण बिजली कटौती व उमस भरी गर्मी के कारण दोपहर 12 बजे के बाद विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर परिषदीय विद्यालयों के बंद होने के समय में परिवर्तन किए जाने की मांग की है।
एसोसिएशन के प्रदेश कोषाध्यक्ष दिलीप चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को कंपोजिट विद्यालय कालूबनकट में बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कोषाध्यक्ष ने कहा कि जिले में उमस भरी गर्मी का प्रकोप जारी है। इसके कारण परिषदीय विद्यालयों के बच्चे आए दिन अचेत हो जा रहे हैं। देहात क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति काफी दयनीय है। विद्यालय के समय में बिजली न के बराबर रहती है। ऐसे में विद्यालयों के बंद होने के समय में परिवर्तन की आवश्यकता है। बैठक के बाद इन लोगों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर परिषदीय विद्यालयों को 12 बजे तक ही खोले जाने की मांग की। इस अवसर पर अशोक गुप्ता, मृदुला पालीवाल, अनिल, शेफाली, राम सागर, राम नाथ यादव, गीता देवी व गुड़िया आदि मौजूद रहीं।