लखनऊ। प्रयागराज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौड़िहार में कार्यरत डॉ. श्रद्धा यादव को बर्खास्त कर दिया गया है। वह विभागीय अधिकारियों को बिना सूचना दिए लंबे समय से गैरहाजिर थीं।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि इससे पहले डॉ. श्रद्धा यादव बलरामपुर की तुलसीपुर सीएचसी में तैनात थीं। वहां भी ड्यूटी में लापरवाही व अनुपस्थित रहने की सूचना मिली थी। उन्हें बलरामपुर से हटाकर प्रयागराज के सीएचसी कौड़ीहार में तैनात किया गया था। इसके बाद भी वह अस्पताल नहीं आती थीं। उन्हें लिखित और मौखिक चेतावनी दी गई। गैरहाजिर महिला डॉक्टर को तमाम मौके दिए गए मगर डॉ. श्रद्धा ने ड्यूटी के कर्तव्यों का पालन नहीं किया। ऐसे में उन्हें तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने का आदेश दिया गया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने डॉ. श्रद्धा यादव को बर्खास्त कर दिया है।