बलरामपुर। शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को 12 जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 अभियान सोमवार से शुरू हो गया। अभियान का शुभारंभ सीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने सदर ब्लॉक के बंजारनपुरवा में बच्चों को पोलियो ड्राॅप व विटामिन-ए की खुराक पिलाकर किया। 12 अगस्त तक चलने वाले इस विशेष अभियान में स्वास्थ्यकर्मी शून्य से पांच वर्ष तक के छूटे हुए बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण करेंगे।
सीएमओ ने लोगों से कहा कि कोविड महामारी के दौरान छूट गए बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण कराने के लिए इस अभियान की शुरुआत की गई है। इसमें बच्चों को 12 जानलेवा बीमारी टीबी, पोलियो, गलघोंटू, खांसी, टिटनेस, हेपेटाइटिस बी, डायरिया, दिमागी बुखार, निमोनिया, खसरा व रूबैला से बचाव के लिए टीका लगाया जाएगा। कहा कि सभी बच्चों के लिए टीकाकरण जरूरी है। अभिभावक बच्चों को टीका अवश्य लगवाएं। दूसरे चरण का अभियान 11 से 16 सितंबर और तीसरा चरण 9 से 14 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इस अवसर पर सदर ब्लॉक के बीडीओ सागर सिंह, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्र, डब्ल्यू एचओ के एसएमओ डाॅ. उपांत डोगरे, यूनिसेफ की शिखा श्रीवास्तव, सीडीपीओ सदर संजय सिंह, श्याम मिश्रा व एएनएम वंदना कुशवाहा आदि मौजूद रहीं।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने पूरबटोला मोहल्ले में बच्चों को ड्राॅप पिलाकर अभियान की शुरुआत कराई। पीएचसी जोकहिया के अधीक्षक डॉ. जावेद ने बताया कि मिशन इंद्रधनुष अभियान का शिविर ऐसे गांव में लगाया जाएगा, जहां नियमित बीएचएनडी सत्र नहीं होते हैं। इसी तरह सीएचसी श्रीदत्तगंज ब्लॉक प्रमुख हेमंत जायसवाल, सीएचसी गैसड़ी में बीडीओ अवनींद्र कुमार पांडेय व अधीक्षक अरविंद कुमार व सीएचसी तुलसीपुर में अधीक्षक डॉ. सुमंत सिंह ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर मिशन की शुरुआत की।
रैली निकाल कर किया जागरूक
मिशन इंद्रधनुष अभियान के पहले दिन एमएलके महाविद्यालय से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल विद्यार्थियों ने बच्चों को बीमारियों से बचाएंगे, सब काम छोड़ पहले टीका लगवाएंगे का नारा लगाकर लोगों को टीकाकरण का महत्व समझाया। प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय के नेतृत्व में निकली रैली महाविद्यालय के दूसरे गेट पर आकर समाप्त हुई। रैली में भाजपा जिला महामंत्री वरुण सिंह, बिंदु विश्वकर्मा, सभासद सुभाष पाठक, नंदलाल तिवारी, मनीष त्रिपाठी, संदीप मिश्रा, अवधेश तिवारी, ललिता तिवारी, साधना पांडेय व नंदिनी शुक्ला आदि शामिल रहे।