बलरामपुर। नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों की ओर से किसी भी कार्य के लिए रिश्वत मांगने पर नगरवासी तत्काल इसकी शिकायत सीधा चेयरमैन से कर सकते हैं। वसूली की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नियमित कर्मचारी को निलंबन व संविदाकर्मी को सेवा समाप्त करने की चेतावनी चेयरमैन ने दी है। हेल्पलाइन नंबर जारी करने के बाद अब ट्विटर पर भी शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने मंगलवार को बताया कि नगर पालिका की अधिकांश सेवाएं मुफ्त हैं। कार्यालय में कुछ कार्यों के लिए शुल्क निर्धारित है इसके लिए संबंधित व्यक्ति को रसीद भी मिलती है। कुछ कर्मचारियों द्वारा निशुल्क सेवा के लिए भी सुविधा शुल्क मांगने की शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी कार्य के लिए कोई नगर पालिका कर्मचारी सुविधा शुल्क की डिमांड करता है तो तत्काल इसकी शिकायत चेयरमैन से करें। शिकायतकर्ता का नाम गोपनीय रखते हुए संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चेयरमैन ने कार्यालय में सफाई नायकों के साथ बैठक कर उन्हें नगर को साफ-सुथरा रखने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि नगर को स्वच्छ बनाने में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों को सेवा से मुक्त कर दिया जाएगा। सफाई एवं खाद्य निरीक्षक बहोरन सिंह ने अध्यक्ष को नियमित साफ-सफाई का भरोसा दिलाया।
ट्विटर पर दर्ज करा सकते हैं शिकायत
नगरवासियों की सुविधा के लिए नगर पालिका परिषद बलरामपुर का ट्विटर हैंडल शुरू कर दिया गया है। अध्यक्ष ने बताया कि नगरवासी इस पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा।
145 शिकायतें निस्तारित
नगर पालिका द्वारा चार जून से शुरू किए गए 1533 शिकायत पोर्टल पर अबतक 185 शिकायतें दर्ज हुई हैं। इनमे से बिजली, पानी व साफ-सफाई से संबंधित 145 शिकायतों का निस्तारण 48 घंटे के अंदर करा दिया गया है। स्थाई निर्माण आदि से संबंधित 40 शिकायतों को निर्माण विंग में भेज दिया गया है।