बलरामपुर। बरसात में फैलने वाले संक्रामक रोगों से बचाव के लिए शनिवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हो गया। सदर विधायक पल्टूराम ने सीएमओ कार्यालय में जागरूकता वाहन रैली को झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया। 31 अक्तूबर तक चलने वाले इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को पांच बीमारियों से बचाव की जानकारी देंगी। मरीजों को चिह्नित कर मुफ्त इलाज भी कराएंगी।
अभियान की शुरूआत करते हुए सदर विधायक ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में जुटी है। अस्पताल में मुफ्त जांच व इलाज हो रहा है। सीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान एक माह तक लोगों को टीबी, डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया व दिमागी बुखार समेत अन्य बीमारियों से बचाव की जानकारी दी जाएगी। इसी बीच सात से 21 अक्तूबर तक दस्तक अभियान भी चलाया जाएगा।
डॉ. एके सिंघल ने बताया कि अभियान की मॉनीटरिंग के लिए भी टीमें बनाई गईं हैं। जिससे कोई मरीज छूटने न पाए। इस दौरान एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव, जिला मलेरिया अधिकारी राजेश कुुमार पांडेय, अरविंद मिश्र, जिला समन्वयक शिखा श्रीवास्तव व बुंदेल सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
श्रीदत्तगंज में ब्लॉक प्रमुख हेमंत जायसवाल ने ब्लॉक परिसर में झाड़ू लगाकर संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि इसमें संक्रामक बीमारियों के प्रति जागरूक करने के साथ ही लोगों को स्वच्छता का पाठ भी पढ़ाया जाएगा। डॉ. संजय, मानिकराम, आशुतोष शुक्ल सहित कई लोग मौजूद रहे।