बलरामपुर। विकास कार्यों की समीक्षा में जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने नहरों की सिल्ट सफाई की क्रॉस वेरीफिकेशन कराने का आदेश दिया है। विभाग की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट से वह संतुष्ट नहीं दिखे। वहीं खंड विकास अधिकारियों को ब्लाॅकों में संचालित योजनाओं की नियमित समीक्षा का निर्देश दिया।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग से सड़कों के निर्माण में लापरवाही पर नाराजगी जताई। कहा की खंड विकास अधिकारी आवास योजना, मनरेगा के कार्यों के साथ-साथ कृषि विभाग की योजनाएं, गोवंश संरक्षण आदि योजनाओं में रुचि दिखाएं एवं विकासखंड स्तर पर इनका सफल क्रियान्वयन करें। सड़कों पर कोई भी छुट्टा गोवंश न दिखे, इसके लिए गोवंश संरक्षण केंद्रों की क्षमता में वृद्धि की जाए तथा अभियान चलाकर छुट्टा जानवरों को गोवंश संरक्षण केंद्र में संरक्षित किया जाए।
नेशनल एंबुलेंस सेवा की एंबुलेंस का सत्यापन कराए जाने एवं सत्यापन रिपोर्ट के अनुसार भुगतान किए जाने का निर्देश दिया। सामुदायिक शौचालयों का प्रयोग कराने व स्वयं सहायता समूहों से संचालन कराए जाने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने दिव्यांगजन पेंशन में अभियान चलाकर पात्रों को पेंशन योजना का लाभ दिए जाने के लिए विकासखंड स्तर तहसील स्तर पर मेगा कैंप लगाने को कहा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संजीव कुमार मौर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए सीपी श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी गिरीश चंद्र पाठक, जिला पंचायत राज अधिकारी निलेश प्रताप सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।