बलरामपुर। रविवार देर रात तेज आंधी-पानी से पूरे शहर की बिजली आपूर्ति पांच घंटे से भी अधिक समय तक गुल रही। ग्रामीण इलाकों में भी सप्लाई लाइन पर गिरे पेड़ों से टूटे तार व अन्य फाल्ट के कारण आपूर्ति 10 से 12 घंटे तक बाधित बनी रही। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी में पानी न मिल पाने की दोहरी मुसीबत उठाना पड़ी।
रविवार देर रात तेज आंधी के साथ हुई जोरदार बारिश के कारण शहरी व ग्रामीण इलाकों की बिजली आपूर्ति जगह-जगह लाइन फाल्ट के कारण बाधित हो गई। सप्लाई लाइनों पर पेड़ गिरने से टूटे तारों को ढूंढने के लिए बिजली विभाग के लोगों को खासी मशक्कत करना पड़ी। इसके चलते शहर में पांच घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रहने से एक लाख की आबादी को उमस भरी गर्मी के साथ ही पेयजल न मिलने की परेशानी से जूझना पड़ा।
घरों में लगा इन्वर्टर भी जवाब दे गया। सुबह 9 बजे के बाद शहर में बहाल हुई बिजली सप्लाई के बावजूद दिन भर ट्रिपिंग के चलते लोग अघोषित बिजली कटौती से परेशान रहे। गैसड़ी क्षेत्र के सोनपुर से पुरैना जाने वाले मार्ग पर विद्युत पोल गिर जाने से आस पास के गांवों में घंटो बिजली गायब रही। लालपुर गांव में बिजली गायब होने से लोगों को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ा।
तुलसीपुर में तेज आंधी व पानी के चलते हरैया फीडर की लाइन भी कई जगह ब्रेक हो जाने से 65 गांव की बिजली 12 घंटे से अधिक समय तक ठप रही। तुलसीपुर शहर में भी करीब आठ घंटे तक बिजली गायब रहने से नगरवासियों को उमसभरी गर्मी झेलनी पड़ी। बिजली न आने से लोगों को पेयजल का संकट भी झेलना पड़ा।